जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत (ब्लॉक नंबर 20/02/3, रोड नंबर-1) में गुरुवार देर रात चोरों ने एक बंद मकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला काटकर घर में प्रवेश किया और करीब दो घंटे तक आराम से पूरा घर खंगालते रहे. पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, यह मकान सुनील कुमार का है, जो पिछले छह महीने से अपने परिवार के साथ आदित्यपुर स्थित आशियाना में रह रहे हैं. वे समय-समय पर बागबेड़ा स्थित अपने घर की देखभाल के लिए आते-जाते थे. दो दिन पहले उनकी पत्नी और बेटा घर आए थे, लेकिन अगले दिन सुबह वापस आदित्यपुर लौट गए, जिसके बाद मकान पूरी तरह बंद था. बताया गया कि गुरुवार रात करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच चोरों ने मुख्य गेट का ताला काटा और घर में घुस गए. इसके बाद कमरों के दरवाजों की कुंडी और ताले तोड़कर अलमारी का लॉक भी तोड़ दिया और अलमारी में रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने घर का मुख्य दरवाजा खुला देखा तो उन्हें संदेह हुआ. उन्होंने तत्काल मकान मालिक सुनील कुमार को सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था और चोरी हो चुकी थी. पीड़ित ने घटना की लिखित शिकायत बागबेड़ा थाना में दर्ज करा दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि एवं पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, अभिषेक उपाध्याय तथा वार्ड सदस्य प्रतिनिधि कुमार विशाल मौके पर पहुंचे. सभी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. घटना पर नाराजगी जताते हुए पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता और झरना मिश्रा ने कहा कि बागबेड़ा कॉलोनी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग भयभीत हैं. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि बागबेड़ा बजरंगी मैदान और वायरलेस मैदान में जल्द हाई मास्ट लाइट लगाई जाए, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो, रात्रि कालीन पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा वायरलेस मैदान में सक्रिय नशेड़ियों के अड्डों को तत्काल हटाया जाए, ताकि क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर प्रभावी रोक लगाई जा सके.







