झाड़ग्राम : पश्चिम बंगाल में आसन्न विधानसभा चुनावों से पूर्व झाड़ग्राम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी कड़ी कर दी है. इसी अभियान के दौरान झाड़ग्राम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एनएच 49 पर नाका चेकिंग के दौरान एक लॉरी से लगभग 100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है. मामले में पुलिस ने लॉरी चालक और उसके खलासी को गिरफ्तार भी किया है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के अनुसार मंगलवार रात करीब 10 बजे झाड़ग्राम थाना के आइसी कौशिक साउ को गुप्त सूचना मिली थी कि एक लॉरी में भारी मात्रा में गांजा तस्करी कर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर फांसितला इलाके में शुरू की गई नाका चेकिंग के दौरान मुंबई से कोलकाता की ओर जा रही एक संदिग्ध लॉरी को रोककर सब-इंस्पेक्टर उमाशंकर पैड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तलाशी ली, जिसके तहत लॉरी में छिपाकर रखे गए कई पैकेटों से करीब 100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. सूचना मिलने पर आइसी कौशिक साउ भी मौके पर पहुंचे और उनके नेतृत्व में आगे की जांच की गई. उस समय प्रशासन की ओर से झाड़ग्राम के संयुक्त बीडीओ भी मौके पर मौजूद थे. इस मामले में पुलिस ने लॉरी चालक निताई बर्मन और खलासी राजा दास (निवासी—संदेशखाली, उत्तर 24 परगना) को गिरफ्तार कर लिया है. लॉरी को भी जब्त कर लिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बुधवार को दोनों आरोपियों को झाड़ग्राम अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया. पुलिस के अनुसार पिछले कुछ महीनों में भी एनएच 49 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोरियों के जरिए गांजा तस्करी की कई कोशिशों को नाकाम किया गया है.


















