
रांची : हार्डकोर नक्सली प्रशांत बोस उर्फ किशन दा की गिरफ्तारी के बाद अब झारखंड एटीएस को बड़ी सफलता मिली है. एटीएस ने भाकपा माओवादी और विभिन्न आपराधिक गिरोह को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने वाले गिरोह के तीन सदस्यों की गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए तीन सदस्यों में बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र निवासी अविनाश कुमार उर्फ चुन्नू शर्मा, पटना के सलीमपुर थाना क्षेत्र निवासी ऋषि कुमार और मुजफ्फरपुर निवासी पंकज कुमार शामिल है. एटीएस ने इनकी निशानदेही में 450 जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है. इस सफलता में बिहार एसटीएफ का भी योगदान रहा है. जानकारी देते हुए एटीएस के एसपी प्रशांत आनंद ने बताया कि पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इनके द्वारा माओवादियों को अब तक भारी संख्या में एके-47 और इंसास रायफल का कारतूस उपलब्ध कराया गया है. गिरफ्तार अपराधी अविनाश कुमार उर्फ चुन्नू सीआरपीएफ में आरक्षी के पद पर पुलवामा में पदस्थापित था. वह बीते चार माह से काम पर नहीं था. 24 अगस्त 2011 रो मोकामा ग्रुप सेंटर से सीआरपीएफ में बहाल हुआ और लातेहार और जगदलपुर में भी पदस्थापित रहा. 2017 से वह पुलवामा में पदस्थापित था. ऋषि कुमार हटिया में ट्रांस्पोर्टेशन का कार्य करता था. फिलहाल वह रांची एयरपोर्ट रोड में भवन निर्माण के कार्य में था. इसी दौरान वह ठेकेदार संजय सिंह और मुहाहिर के संपर्क में आया जो चाईबासा और सरायकेला में सड़क निर्माण का कार्य करा रहे थे. ये ठेकेदार माओवादियों को गोली उपलब्ध कराने का काम करते थे. वहीं पंकज कुमार फिलहाल धनबाद के भूली में रहकर कोयला और जमीन कारोबार से जुड़ा था. वह झारखंड बिहार अलावा असम और नागालैंड में भी हथियार उपलब्ध करवाता था. इनसे पूछताछ में कई राज खुले है जिसको लेकर एटीएस आगे की कार्रवाई कर रही है.






