
रांची : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो और जेल में बंद सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव की हालत गंभीर हो गयी है. रांची के रिम्स के पेइंग वार्ड मेंउनका पहले से ही इलाज चल रहा है. चारा घोटाले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव की तबीयत गुरुवार देर शाम अचानक बिगड़ गयी. उनको सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी. इसके बाद उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और उनके पुत्र तेजस्वी यादव ने तत्काल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हाल चाल जाना, जिसके बाद सरकार को मालूम चला कि लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ गयी है. इसके बाद आनन-फानन में रिम्स में व्यवस्था को दुरुस्त किया गया. उनकी सांस का टेस्ट किया गया. उनके फेफड़े में परेशानी हो चुकी है, जिसकी टेस्टिंग चल रही है. जानकारी मिलते ही लालू प्रसाद यादव का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ उमेश प्रसाद, रिम्स के अधीक्षक डॉ विवेक कश्यप भी पहुंच गये. उनका टेस्ट कराया गया है. रिम्स के अधीक्षक ने बताया कि लालू प्रसाद यादव की हालत स्थिर बनी हुई है. उनको सांस लेने में दिक्कत है. लंग्स में ज्यादा दिक्कत है. टेस्ट की जा रही है. टेस्ट होने के बाद ही सामने आयेगा कि क्या मामला है. रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. कोरोना का भी टेस्ट किया जा रहा है. रैपिड टेस्ट में वे नेगेटिव पाये गये है, लेकिन अभी आरटीपीसीआर का टेस्ट किया जा रहा है. चेस्ट में इंफेक्शन और निमोनिया की भी शिकायत हो सकती है. इस बीच जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी अचानक से रिम्स पहुंच गये थे. वैसे खुद बन्ना गुप्ता ने लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की बात से इनकार किया है और कहा है कि वे औचक निरीक्षण करने के लिए रिम्स गये थे. लालू जी की तबीयत खराब है, यह मालूम भी नहीं है. हालांकि, चिकित्सक ने कहा कि अभी जांच की जा रही है और लालू प्रसाद यादव के बारे में चिकित्सक ने बताया कि हालत स्थिर है. वे चाय पिये है. आराम कर रहे है.


















