
सरायकेला : एक ओर जहां दिनभर भाजपाई झारखंड के मजदूरों और छात्रों को सकुशल झारखंड लाने को लेकर उपवास का ढोंग रचते सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोरते नजर आए वहीं दूसरी तरफ- खरसावां जिला भाजपा का एक खौफनाक और संवेदनहीन चेहरा भी सामने आया. जहां इन भाजपाइयों ने मानवता की सारी सीमाएं तोड़ डाली. मामला आरआईटी मंडल का है. जहां वार्ड 31 के रोड नंबर 14 निवासी झुमुक लाल की मां का आज श्राद्ध भोज था. लॉकडाउन की वजह से काफी कम लोग उक्त कार्यक्रम में शामिल हुए जिसमें काफी खाना बच गया जिसे उन्होंने गरीबों को बंटवाने की बात कही. वहीं पड़ोस में रहने वाले भाजपा नेता प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी स्वप्निल सिंह ने आरआईटी मंडल अध्यक्ष मनोज तिवारी एवं आदित्यपुर नगर निगम के मेयर विनोद कुमार श्रीवास्तव के खास अजय एवं भाजपा नेता पंकज को साथ लेकर बचे हुए श्राद्ध भोजन को अच्छी तरह से कंटेनर में पैक कराकर वार्ड 29 के महावीर नगर रोड नम्बर 1 में मोदी आहार के नाम पर बंटवा दिया.
वैसे इसका भेद उस वक्त खुला जब महावीर नगर के एक व्यक्ति ने खाने का मैन्यू देखकर आशंका व्यक्त की. उधर भेद खुलते ही भाजपाई अपने- अपने घरों को निकल लिए और अपनी- अपनी मोबाइल स्विच ऑफ कर ली. वैसे इस संबंध में हमने आरआईटी मंडल अध्यक्ष और भाजपा नेता स्वप्निल सिंह के घर पर जाकर पूरे मामले के संबंध में बात करना चाहा, लेकिन वे घरों पर भी नहीं मिले. उधर इस घटना के बाद महावीर नगर में लोगों के बीच काफी आक्रोश देखा गया. लोग यहां तक कहते सुने गए कि गरीबी का इस कदर मजाक उड़ाया जा रहा है इसके लिए जिम्मेदार कौन है. निश्चित तौर पर भाजपाइयों का यह चरित्र जानकर हर कोई चकित है. कोई दबी जुबान से तो कोई खुलेआम भाजपा नेताओं का विरोध करते नजर आए. वैसे मोदी आहार का खाना हर दिन दिन में पहुंचाया जाता है, लेकिन रात के अंधेरे में खाना पहुंचने पर लोग सशंकित हुए लेकिन पापी पेट का सवाल जान सबों ने खाना रख तो लिया, लेकिन जब उन्हें यह पता लगा कि उनके साथ इतना बड़ा धोखा हुआ है तो लोगों ने खाना घरों से बाहर निकाल कर फेंकना शुरू कर दिया. वैसे कुछ लोग अज्ञानतावश खाना खा भी चुके थे. अब सवाल ये उठता है, कि आखिर इन भाजपाइयों ने पीड़ित मानवता के सेवा का यह कौन सा उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया ये तो वही जाने लेकिन इन्होंने जिस कर्तव्य हीनता का परिचय दिया है उससे पूरी मानवता कटघरे में खड़ी नजर आने लगी है. जिन प्रवासी मजदूरों और विद्यार्थियों की दुहाई देकर दिनभर आज भाजपाई उपवास पर रहे, वैसे ही गरीब, लाचार बेबस मजदूरों को आज श्राद्धभोज का बचा खाना मोदी आहार के नाम पर खिलाकर इन्होंने दिनभर किए ढोंग का असली चेहरा दिखा दिया.







