अनिल कुमार/बोकारो : बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की दहेज के लिए हत्या किये जाने का मामला सामने आय़ा है. पुलिस ने इस मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है. मृतका के परिजनों ने इस मामले के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
घटना बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र के माराफारी की बताई गयी है. माराफारी निवासी प्यारेलाल मिश्र ने अपनी पुत्री लक्ष्मी तिवारी के ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है. आरोपी पति कुर्मीडीह का रहने वाला है और दुकान चलाता है. मृतका लक्ष्मी देवी के पिता ने बताया कि उन्होंने 4 साल पहले बेटी की शादी रवि तिवारी से की थी. इसके बाद उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं सोमवार को दोपहर में लक्ष्मी ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसके साथ मारपीट की जा रही है, वह जल्दी आएं. मृतका के भाई और पिता जब बेटी की ससुराल पहुंचे तो बेटी मृत पड़ी मिली. उसकी गला दबाकर हत्या की गई थी. उन्होंने बालीडीह थाना को घटना की सूचना दी एवं बेटी को बोकारो जनरल अस्पताल लाये. (नीचे भी पढ़ें)
बालीडीह थाना के एसआइ रोहित कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है एवं आरोपी पति को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. हालांकि आरोपी पति ने इन आरोपों से इनकार किया है. उसने कहा कि पोस्टमॉर्टम में पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी.



