
जमशेदपुर : मुख्यमंत्री कृषि आर्शीवाद योजना अंतर्गत लाभुक किसानों के बीच द्वितीय किश्त की राशि वितरण हेतु एक कार्यक्रम का आयोजन बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआइ सभागार में किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर घाटशिला विधायक लक्ष्मण टुडू उपस्थित थे. इस योजना के माध्यम से किसानों को कृषि कार्य हेतु संसाधन जुटाने में आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है. पूर्वी सिंहभूम जिले के किसान बहुफसलीय खेती कर सकें, इस दिशा में जिला प्रशासन सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है. इस मौके पर उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, घाटशिला के विधायक लक्ष्मण टुडू, जिला परिषद अध्यक्ष बुलुरानी सिंह, जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, जैसमीन संस्था रांची के सीइओ आरपी सिंह समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे.

इस मौके पर इजराइल से उन्नत खेती की तकनीक सीखकर आए डुमरिया के किसान सिदाम चंद्र महतो एवं घाटशिला के रामप्रताप महतो ने अपने अनुभव साझा किए. दोनो किसानों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया. वहीं किरिट भूषण महतो, भक्तीपद महतो-पटमदा एवं सुबोध सरदार, जानकी धल- पोटका के 4 किसानों को द्वितीय किस्त की राशि भुगतान का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. कार्यक्रम में अपर उपायुक्त सौरभ सिन्हा, जिला कृषि पदाधिकारी मिथलेश कुमार कालिंदी, कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित थे.



