
जमशेदपुर : पूरी दुनिया के साथ झारखंड में भी कोरोना वायरस का कहर बढ़ रहा है. इसको लेकर लोग खौफजदा है. जहां इससे कारोबार प्रभावित है, वहीं इसको लेकर एहतियाती कदम उठाने की जरूरत है. इसको देखते हुए कोरोना वायरस की जांच लगातार चल रही है. झारखंड में जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल को जांच का केंद्र बनाया गया है. जमशेदपुर में एक भी कोरोना वायरस के मरीज नहीं पाये गये है. जमशेदपुर के बारीडीह में एक संदिग्ध मरीज था, जिसको घर पर आइसोलेशन में रखा गया था. लेकिन इस मरीज में कोरोना वायरस का जांच रिपोर्ट कोलकाता और जमशेदपुर दोनों का आ चुका है, जिसमें नेगेटिव पाया गया है यानी उसको कोरोना वायरस नहीं है. वह बीमार नहीं है. इस जांच के आने के बाद जिला प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है. दूसरी ओर, दक्षिण पूर्व रेलवे ने कोविड 19 यानी कोरोना वायरस को देखते हुए एसी ट्रेन के सारे कोच से परदे और कंबल को हटाने का फैसला लिया है. वायरस के फैलाव को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है. चूंकि, ठंड से बचाव के लिए कंबल ट्रेन में दिया जाता है, इस कारण वर्तमान मौसम को देखते हुए ट्रेन के सारे कोच का तापमान को ज्यादा ठंडा नहीं किया जायेगा, ऐसा भी फैसला लिया गया है. अगर किसी को ज्यादा जरूरत होगी और डिमांड कोई यात्री करेगा तब ही कंबल उपलब्ध कराया जायेगा.















