जमशेदपुर : युगांतर भारती के तत्वावधान में 25 मई को दामोदर नद के उद्गम स्थल चूल्हा पानी (लोहरदगा) में दामोदर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. इसी दिन गंगा दशहरा भी है. इस महोत्सव में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. कार्यक्रम की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय करेंगे. यह जानकारी युगांतर भारती के अध्यक्ष अंशुल शरण ने दी. अंशुल शरण ने बताया कि यह पहला मौका होगा, जब कोई राज्यपाल दामोदर के उद्गम स्थल पर जाएंगे. इसके लिए उन्होंने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त किया है. अंशुल शरण ने बताया कि इस साल दामोदर महोत्सव रिकॉर्ड 47 स्थानों पर मनाया जाएगा.







