देवघर: 16 मई को शनि अमावस्या के पावन अवसर पर बैद्यनाथधाम रेलवे स्टेशन के समीप स्थित श्रीश्री 108 शनि महाराज मंदिर में आयोजित होने वाले 25वें वार्षिक पूजा एवं शनि जन्मोत्सव मनाया जाएगा. इसकी तैयारियां पूरी कर ली गयी है. मंदिर परिसर को आकर्षक पंडाल, रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा और विशेष फूलों की सजावट से भव्य रूप दिया गया है. (नीचे भी पढ़े)
आयोजन समिति के सदस्य लगातार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा स्थल, प्रसाद वितरण केंद्र, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से व्यवस्थित किया गया है. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्वयंसेवकों की टीम भी सक्रिय कर दी गई है. (नीचे भी पढ़े)
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5 बजे तेलाभिषेक से होगी, जो दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा. शाम 6 बजे शृंगार पूजा एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा. इसके बाद प्रसाद वितरण और रात 7 बजे से भजन संध्या व जागरण कार्यक्रम होगा, जिसमें स्थानीय एवं बाहरी कलाकार शनि भक्ति के भजन प्रस्तुत करेंगे. आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होने की अपील की है.







