देवघर : देवघर के बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन रोड स्थित शनिदेव मंदिर में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री श्री 108 शनिदेव महाराज का वार्षिक पूजनोत्सव आयोजित हो रहा है. मंदिर के प्रधान पुरोहित उत्तम ठाकुर ने बताया कि शनिदेव की वार्षिक पूजा शनि मंदिर में वर्षों से होती आ रही है. देवघर के शनि भक्तों के सहयोग से यह वार्षिक पूजा आयोजित होती है. इस वर्ष श्री श्री 108 शनिदेव के वार्षिक पूजन के लिए मंदिर में आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है. इसके अलावा श्रद्धालुओं को धूप से बचाने के लिए पंडाल भी बनाया गया है. शनि मंदिर के प्रधान पुरोहित उत्तम ठाकुर ने बताया कि शनिदेव को तेल का अभिषेक और लोहे का पात्र दान करने से श्रद्धालुओं को शनिदेव की कृपा होती है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने बताया कि शनि महाराज के वार्षिक पूजन में प्रातः 4:00 बजे मंदिर का पट खुलेगा. विधि विधान के साथ पूजा अर्चना के उपरांत 4:00 बजे से लेकर दोपहर के 2:00 बजे तक शनिदेव का दो बार अभिषेक किया जाएगा. इसी बीच स्थानीय श्रद्धालु भी आकर अभिषेक कर सकेंगे. दोपहर 2:00 बजे से लेकर संध्या 5:00 बजे तक शृंगार की तैयारी के लिए मंदिर बंद रहेगा. संध्या 5:00 बजे पुनः मंदिर के पट खुलेंगे और शनिदेव के पंचामृत अभिषेक और तैलाभिषेक के उपरांत शनिदेव को भोग चढ़ाया जाएगा. संध्या 7:00 बजे से लेकर रात के 10:00 बजे तक श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण होगा.











