पलामू : पलामू जिले के चैनपुर एवं सदर मेदिनीनगर अंचल अंतर्गत डोभा में डूबने से मृत चार छात्राओं समेत 6 बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजे के तौर पर दिए जाएंगें. उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने गुरुवार को इसकी स्वीकृति प्रदान करते हुए गृह, कारा एवं आपदा विभाग से आवंटन के निर्देश दिए हैं. जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी जयराम सिंह यादव के अनुसार गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जलप्रपात एवं नदी में डूबने से मृत्यु को स्थानीय प्राकृतिक आपदा घोषित किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं पानी में डूबने की घटना को राज्य की विशिष्ट आपदा घोषित किया गया है. बताते चले कि 20 जुलाई को अर्चना कुमारी, अराधना कुमारी और सलमी कुमारी और छाया खाखा की मौत डोभा में डूबने से हो गई थी. ये सभी छात्राएं स्कूल खत्म होने के बाद डोभा में खेल रही थी, तभी यह हादसा हुआ था. वहीं 2 फरवरी को महुगांवा गांव के गुड्डू पासवान का पुत्र आनंद कुमार और 9 जुलाई को बारालोटा निवासी मोनी कुमार के पुत्र अमन राज की डैम में डूबने से मौत हो गई थी.





