Ranchi / Jamshedpur : भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी को भाजपा द्वारा नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने के बाद भी मामला विधानसभा अध्यक्ष के पास पिछले सात महीने से लंबित है. वहीं भाजपा अब राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री रहे बाबूलाल मरांडी को दुमका उप चुनाव में पार्टी का उम्मीदवार बनाने की योजना बना रही है. हालांकि बताया जा रहा है कि पार्टी की इस योजना से श्री मरांडी बहुत उत्साहित नहीं हैं. यानी चुनाव लड़ने के इच्छुक नहीं है. गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में दुमका व बरहेट विधानसभा सीट से जीत हासिल करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनवरी माह में दुमका सीट छोड़ दी थी. उसके बाद जुलाई में उप चुनाव होना था, लेकिन कोरोना संकट को देखते हुए चुनाव नहीं हो सका. अब चुनाव की सुगबुगाहट को देखते हुए राजनीतिक दलों ने तैयारी शुरू कर दी है. इसी बीच जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने कहा है कि यदि बाबूलाल मरांडी दुमका से चुनाव लड़ते हैं, तो जदयू उन्हें समर्थन देगा.
उल्लेखनीय है कि बाबूलाल मरांडी ने धनवार विधानसभा सीट से झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) के टिकट पर जीत हासिल की थी. लेकिन चुनाव के कुछ महीने बाद ही जेवीएम का भाजपा में विलय हो गया. जेवीएम के दो विधायक प्रदीप यादव व बंधु तिर्की कांग्रेस में शामिल हो गये. वहीं चुनाव आयोग ने जेवीएम के भाजपा में विलय को मान्यता दे दी. वहीं विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र महतो अभी इस मामले पर वंचना विरोधी कानून के तहत विचार-मंथन कर रहे हैं.
इधर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने कहा है कि बिहार में एनडीए नीतीश कुमार के नेतृत्व में आगामी विधान सभा चुनाव लड़ने व जीतने की तैयारी में है. झारखंड प्रदेश में भी एनडीए को पुनर्गठित करने से आगामी दुमका व बेरमो विधानसभा उप चुनाव के अच्छे नतीजे आ सकते हैं. उन्होंने कहा कि दुमका व बेरमो उप चुनाव के नतीजों का बिहार चुनाव पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.
सालखन मुर्मू ने कहा कि दुमका उप चुनाव के लिए भाजपा की तरफ से बाबूलाल मरांडी को उतारने की कवायद और श्री मरांडी के द्वारा प्रस्ताव से नकारे जाने की खबर मिल रही है. इससे प्रतीत होता है कि भाजपा को लुईस मरांडी की उम्मीदवारी पर जीत का पूरा भरोसा है. अत: जदयू का प्रस्ताव है कि भाजपा से बाबूलाल मरांडी दुमका उपचुनाव लड़ें, तो जदयू उन्हें समर्थन करेगा और जदयू बेरमो सीट जदयू को दिया जाये या दोनों में से कोई एक सीट जदयू को दिया जाये. उन्होंने कहा है कि एनडीए के पुनर्गठन के लिए भाजपा और जदयू के बीच 50-50 का फार्मूला उप चुनाव में भावी पंचायत व नगर निकाय चुनावों के लिए एक शुभ संकेत साबित होगा. सालखन मुर्मू ने कहा है कि भाजपा यदि अकेले उप चुनाव में जाती है, तो उसे दोनों सीटों से हाथ धोना पड़ सकता है.




















