
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग के कटकमसांडी प्रखंड के छड़वा डैम में आधा दर्जन देवी-देवताओं की प्रतिमा मिली है. इन प्रतिमाओं में लगभग दो फीट के काले पत्थर का शिवलिंग, नन्दी जी, हनुमान जी, पार्वती जी, सफेद पत्थर से बने विष्णु जी की प्रतिमा आदि शामिल है. डैम के पानी मे डूबे प्रतिमा को सुबह स्थानीय लोगों ने देखा. उन्होंने इसकी सूचना अपने गांव जाकर दी. डैम में प्रतिमा होने की सूचना के बाद डैम पर कंचनपुर, गदोखर, छड़वा, खुटरा, पबरा के ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. (नीचे पूरी खबर देखें)

लोगों ने डैम के किनारे टेंट लगाकर पूजा-अर्चना शुरू कर दी. इधर छड़वा डैम में मूर्ति की सूचना पाकर पेलावल पुलिस मौके पर पहुंची. उन्होंने सभी मूर्तियों को कब्जे में लेकर थाना ले आयी. पेलावल ओपी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि डैम से मूर्ति को निकालकर पेलावल ओपी में सुरक्षा की दृष्टि से रखा गया है. पुलिस मूर्तियों को कब्जे में लेकर थाने ले आई है. बरामद मूर्तियों में कोई भी खंडित प्रतिमा नहीं है. डैम में मूर्ति कैसे पहुंची इस पर जांच पड़ताल की जा रही है. जिले के अन्य थाना क्षेत्रों से भी संपर्क स्थापित कर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को भी दी गयी है. यह भी आशंका जतायी जा रही है कि कहीं चोरी की घटना को अंजाम देकर चोरों ने मूर्तियां तो वहां नहीं फेंक दी है. दूसरी ओर, हिंदू संगठनों ने पूरे मामले की जांच करने का आदेश दे दिया है.





