
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी सीएच एरिया साई मंदिर चौक के पास गणेश सिंह पर बम से हमला करने के मामले में पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फूटेज के आधार पर मामले की जांच शुरु की है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना स्थल पर तीन बाइक पर सवार होकर आठ अपराधी मौके पर पहुंचे थे. घटना में जिस बाइक का प्रयोग किया गया उसका नंबर भी फर्जी निकला. जब अपराधियों के बाइक के नंबर की जांच की गई तो वह नंबर स्कूटी का निकला. सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखा की घटना को मात्र चार मिनट में ही अंजाम दिया गया. इन्ही चार मिनट में अपराधियों ने गणेश सिंह की कार में हमला किया और सोनारी की ओर भाग निकले. पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि अपराधी एक हफ्ते से गणेश सिंह पर नजर रखे हुए थे. उसके हर गतिविधी की जानकारी अपराधियों को थी. रेकी कर इस घटना को अंजाम दिया गया है. इस मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की पर इस घटना में किसी की भी संलिप्तता सामने नहीं आई है. वहीं घटना के बाद आरोपी अमरनाथ सिंह ने भी एक वीडियो जारी कर कहा है कि घटना में वह शामिल नहीं है, वह अपने घर बिहार में है, फिलहाल उसपर सीसीए एक्ट लगा हुआ है जो कि जनवरी में खत्म होने वाला है. उसे साजिश के तहत फंसाया जा रहा है. इस मामले में गणेश सिंह ने अमरनाथ सिंह, ललित शर्मा और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.
ये है घटना
गुरुवार की दोपहर गणेश सिंह अपनी कार से मरीन ड्राइव होते हुए सीएच एरिया जा रहा था. मरीन ड्राइव से सीएच एरिया की ओर मुड़ने के बाद जैसे ही वह आगे बढ़ा वैसे ही वहां पहले से घात लगाए हुए अपराधियों ने गणेश सिंह की कार पर बम फेंकना शुरु कर दिया. दो बम पास ही वन विभाग की चहरदीवारी पर जा लगी और एक बम कार में लगने के बावजूद नहीं फटा. घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए. (नीचे देखे पूरी खबर)

गणेश सिंह पर हुए जानलेवा हमले की त्वरित कार्रवाई को लेकर करणी सेना की टीम विधायक सरयू राय से मिली
गुरुवार को दिनदहाड़े सोनारी थाना क्षेत्र अंतगर्त जहां कुछ ही दूरी पर जमशेदपुर के जिला के वरीय अधीक्षक का आवास, उपायुक्त आवास, आर्मी कैम्प व सोनारी थाना स्थित है, ऐसी जगह पर श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के युवा प्रदेश अध्यक्ष गणेश सिंह पर बम से हुए जानलेवा हमले को लेकर करणी सेना के लोगो में भारी आक्रोश है. लगातार गणेश सिंह पर जानलेवा हमले हो रहे है, जिसकी लिखित शिकायत थाने में देने के बाद भी अब तक अपराधी प्रशाशन की पकड़ से दूर है. करणी सेना के झारखंड प्रदेश संयोजक विनय सिंह के नेतृत्व में दर्जनों पदाधिकारियों ने शुक्रवार की शाम स्थानीय विधायक सरयू राय से मुलाकात की और ज्ञापन देकर उचित व त्वरित कार्रवाई करने के लिए उन्हें इस गम्भीर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की. प्रदेश संयोजक विनय सिंह ने कहा कि बीते कुछ वर्षो से गणेश सिंह पर लगातार जानलेवा हमला हो रहा है. चौथी बार गुरुवार को गणेश सिंह को जान से मार देने की कोशिश की गयी, जिसकी सारी सीसीटीवी फुटेज प्रशासन के पास मौजूद है और अगर इस मामले में गम्भीरता से प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई नही की गई तो आने वाले दिनों में अपराधियों के हौसले बुलंद रहेंगे और ऐसी घटना आगे भी घटने की संभावना वयक्त की. जिला के पुलिस अधीक्षक व उपायुक्त के आवास के सामने ही दिनदहाड़े अपराधी घटना को अंजाम देकर बेखौफ फरार हो जा रहे है. ऐसी घटना के बाद प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे है. ऐसी घटना से शहर में अशांति व भय का माहौल बढ़ता जा रहा है. आने वाले दिनों में ऐसी घटना को रोकने व अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन द्वारा तुरन्त कार्रवाई करने को लेकर विधायक सरयू राय से करणी सेना की टीम बिस्टुपुर स्थित कार्यालय में जाकर मुलाकात की और इसे गम्भीरतापूर्वक इस पर एक्शन लेने के लिए निवदेन किया.





