
रांची/जमशेदपुर/सरायकेला : पूरे झारखंड के सभी जेल में रविवार को एक साथ छापामारी की गई. इस कड़ी में जमशेदपुर के घाघीडीह सेंट्रल जेल में रविवार की शाम प्रशासन की ओर से छापेमारी की गई. यह छापेमारी शाम 6 बजकर 10 मिनट में शुरू हुई और रात के 10 बजकर 20 मिनट तक चली. इस छापेमारी में एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन, सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट, एडीएम, एसडीओ, 14 मजिस्ट्रेट, 20 पुलिस ऑफिसर्स, 30 महिला कांस्टेबल, 120 जवान मौजूद रहे. यह छापेमारी जेल के सेंट्रल जेल के अंदर सेक्टर ए, बी, सी, डी, ई, एफ और महिला वार्ड में को गई. चार घंटे चले इस छापेमारी के दौरान टीना को काटकर बनाया गया 11 चाकू, 14 कैंची, एक फूल तोड़ने वाला नुकीला समान, बीड़ी और माचिस बरामद किया गया है.
दूसरी ओर, सरायकेला: रविवार देर रात जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अरवा राजकमल एवं पुलिस अधीक्षक आंनद प्रकाश ने मंडल कारा सरायकेला का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के क्रम में जेल की व्यवस्था एवं सुरक्षा का जायजा ले जेल अधीक्षक को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए. इस दौरान मौक़े पर कैदियों के कक्ष की सघन तलाशी ली जा रही है. इधर अचानक छापेमारी से जहां जेल प्रशासन सकते में है वहीं कैदियों में हड़कंप मचा हुआ है. समाचार लिखे जाने तक दोनों अधिकारी दल बल के साथ जांच में जुटे हुए हैं. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कैदियों के वार्डो से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ मिले हैं. फिलहाल अधिकारियों के पुष्टि का हमें इंतजार है. हालांकि रविवार को कोल्हान के तीनों जिलों में डीसी एसपी व अन्य पदाधिकारियों द्वार औचक छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.



