देवघर: देवघर जिले के मधुपुर में सोमवार की दोपहर करीब 1 बजे अपराधियों ने बैंक में लूट की बड़ी घटना को अंजाम दिया. शहर की राजबाडी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक शाखा में हथियार के साथ घुसे करीब आधा दर्जन अपराधियों ने बैंक से लाखों रुपये नगद और जेवरात लूट लिये. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर करीब 12:45 बजे हेलमेट और बुर्का पहनकर दो लोग बैंक के अंदर घुसे. (नीचे भी पढ़े)
उसके बाद उनके पीछे से चार लोग आये. बैंक में घुसते ही अपराधियों ने हथियार दिखाकर सभी लोगों से उनका फोन ले लिया. इस दौरान बैंक कर्मियों और ग्राहकों के साथ मारपीट भी की गयी. अपराधियों ने ग्राहकों के पास से और बैंक में रखे नगदी व जेवरात लूट कर फरार हो गये.सभी अपराधियों ने मिलकर करीब 20 मिनट तक बैंक में लूटपाट की. अपराधियों के वहां से निकलते ही पुलिस को घटना की सूचना दी गयी. घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ व मधुपुर इंस्पेक्टर इंचार्ज समेत पुलिस दल बैंक पहुंची है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. साथ ही लूटी गयी राशि का आकलन किया जा रहा है.











