
रांची : झारखंड में विधायकों की खरीद-बिक्री के खेल पर से पर्दा लगभग उठ चुका है. यह खेल होने के पहले ही पकड़ा गया था. मुंबई, दिल्ली में चल रही जांच और सारे सीसीटीवी फुटेज और होटलों के दस्तावेज यह बता रहे है कि विधायकों की खरीद बिक्री की कोशिश की गयी और सारे केस सही साबित हुए है. सभी में विधायकों के खेल की जानकारी की पुष्टि हो चुकी है. कांग्रेस विधायक उमाशंकर अकेला, इरफान अंसारी और निर्दलीय विधायक अमित यादव दिल्ली के होटलों में उन लोगों के साथ साफ देखे गये है, जो लोग विधायक खरीद बिक्री में पकड़े गये है. वहां डीएसपी रैंक के ऑफिसर पूरे मामले की जांच कर रहे है. इस बीच कांग्रेस विधायकों की खरीद बिक्ररी के मामले में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने रांची के धुर्वा स्थित आवास पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के साथ बैठक की है. इस बैठक में कांग्रेस के कई विधायक भी मौजूद थे. वहां पहले विधायक इरफान अंसारी और उमाशंकर अकेला को तलब किया गया. इसके बाद ये दोनों वहां पहुंचे. इसके बाद वहां सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा, कोलेबिरा विधायक विक्सल कोंगाड़ी, बड़कागांव की विधायक अंबा प्रसाद, झरिया के विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह और खिजरी के विधायक राजेश कच्छप पहुंचे थे. जानकारी मिली थी कि कांग्रेस के 11 विधायकों को खरीदना था, जिसको लेकर तैयारी की गयी थी.






