
रांची : झारखंड में पंचायत चुनाव कराने को लेकर जल्द फैसला सरकार लेने जा रही है. बताया जाता है कि कोरोना का संक्रमण अगर जल्द खत्म हो जाता है तो नवंबर या दिसंबर 2021 में ही चुनाव करा दिया जायेगा. इससे पहले क्षेत्रों के परिसीमन से लेकर तमाम चीजें कर ली जायेगी. इसके बारे में जानकारी देते हुए झारखंड के ग्रामीण विकास विभाग मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि अगर कोरोना खत्म होगा तो नवंबर से दिसंबर 2021 तक चुनाव करा दिया जायेगा. उन्होंने बताया कि पंचायत को पहले जनवरी 2021 में ही एक्सटेंशन दिया गया था, जिसके बाद 31 जुलाई को इसका कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है कि पहले छह माह के लिए ही एक्सटेंशन दिया गया था. ऐेसे में यह कानूनी राय ली जा रही है कि कैसे उनको फिर से एक्सटेंशन दिया जायेगा. परिसीमन, वोटर लिस्ट में नये लोगों को जोड़ने के लिए काम शुरू कर दिया जायेगा. सभी मुखिया, जिला परिषद के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त होने जा रहा है. सरकार अन्य विकल्पों के लिए कानूनी राय ले रही है, जिसके आधार पर आगे की रणनीति तैयार होगी. वैसे इस मामले में मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि राज्य सरकार जो कानून और नियम है, उसके तहत ही काम करेगी. अगर कानूनी राय दी जाती है तो एक्सटेंशन दे दिया जायेगा. इसको लेकर 15वें वित्त आयोग के तहत कर्मचारियों की बहाली करने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि 15 अप्रैल तक ही यह काम किया जाना था, लेकिन कोरोना के कारण नयी बहाली नहीं हो पायी है ऐसे में अब सरकार अनलॉक करेगी. 10 जून के बाद राज्य में सारे प्रतिबंध हटने ल गेंगे तो फिर ऑनलाइन परीक्षा कराकर बहाली ली जा सकती है.




