
रांची : झारखंड में लंबित पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गयी है. इसके तहत राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से इसको लेकर सरकुलर जारी किया गया है, जिसके तहत कोरोना का ख्याल रखते हुए चुनाव कराने की बात कहीं गयी है. नामांकन से लेकर मतगणना तक के लिए गाइडलाइन जारी कर दी गयी है. बहुत जल्द ही इसकी तिथि की घोषणा कर दी गयी है. कोरोना के कारण काफी सख्तियां बरती गयी है. इसके लिए जारी गाइडलाइन के अनुसार चुनाव में पांच से ज्यादा लोग चुनाव प्रचार नहीं कर सकेंगे जबकि प्रत्याशी केवल एक प्रस्तावक के साथ ही नामांकन कर सकेंगे. नामांकन कक्ष में सिर्फ प्रत्याशी और प्रस्तावक ही इंट्री कर सकेंगे. नामांकन कक्ष में सैनिटाइजेशन और हाथ धोने का भी उत्तम इंतजाम होगा. अगर नियम तोड़ा गया तो इसको लेकर कार्रवाई की जायेगी. चुनाव आयोग मतदान कराने वाले कर्मचारियों को सैनिटाइजर और ग्लब्स उपलब्ध कराया जायेगा. बिना मास्क के ना मतदानकर्मी रहेंगे और ना ही मतदान करने वाले को ही मत डालने की इंट्री मिलेगी. बिना मास्क के कोई भी मतदान स्थल पर नहीं जा सकेगा. मतदान काउंटर पर छह फीट की दूरी पर गोला बनाया जायेगा ताकि सामाजिक दूरी का पालन हो सके. इसके लिए नोडल पदाधिकारियों को नियुक्त किया जायेगा. हर जिला और प्रखंड स्तर पर चिकित्सा पदाधिकारी नियुक्त किये जायेंगे, जो यह सुनिश्चित करायेंगे कि कोरोना फ्री चुनाव कराया जाये. इसके लिए निर्वाचन से जुड़े लोगों की ट्रेनिंग करायी जायेगी.





