रांची : झारखंड में राजनीतिक अस्थिरता के बीच एक बार फिर तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गयी हैं. इस बीच शुक्रवार को राज्यपाल श्री बैस दिल्ली रवाना हो गये. इसे लेकर राजधानी रांची समेत सूबे में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. कुल मिला कर कहा जाये, तो अब पूरे झारखंड की नजर राज्यपाल के दिल्ली दौरे पर है. संभावना जतायी जा रही है कि राज्यपाल दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मिल सकते हैं. दोनों नेताओं से मिल कर चुनाव आयोग के मंतव्य पर चर्चा कर सकते हैं. साथ उन्हें झारखंड की मौजूदा राजनीतिक स्थिति से अवगत करा सकते हैं. बता दें कि पिछले गुरुवार को यूपीए के सांसद, विधायकों ने राज्यपाल रमेश बैस से मुलाकात की थी. उन्होंने राज्यपाल से चुनाव आयोग के मंतव्य पर स्थिति स्पष्ट करने को कहा था. उस दौरान राज्यपाल ने स्थिति स्पष्ट करने के लिए दो दिन इंतजार करने की बात कही थी. इस बीच राज्यपाल आज राज्यपाल के दिल्ली दौरे को लेकर यह भी संभावनी जतायी जा सकती है कि दिल्ली से लौटते ही राज्यपाल अब स्थिति को स्पष्ट कर सकते हैं. यानी सरकार को लेकर फैसला संभव है.





