चक्रधरपुर : कराईकेला के एक युवक ने परिवारिक विवाद में अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की दोपहर कराईकेला निवासी 32 वर्षीय सुमन शेखर मिश्रा उर्फ पप्पू ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद उसे चक्रधरपुर के अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर जेजे मुंडू ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मृतक सुमन शेखर मिश्रा की मां सुहागी मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार दोपहर पप्पू को घर के छज्जा से रोला में कपड़ा के सहारे फांसी पर लटका देखा तो इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी। इसके बाद उसे अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि किसी बात को लेकर शुक्रवार को उसकी पत्नी से विवाद हुआ था। शायद इसे लेकर ही उसने आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर चक्रधरपुर पुलिस व कराईकेला पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। इधर चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौप दिया गया। (नीचे भी पढ़ें)
चार महीने पहले पप्पू ने की थी दूसरी शादी
शुक्रवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले सुमन शेखर मिश्रा उर्फ पप्पू ने चार महीने पहले दूसरा विवाह चाईबासा की ईचा निवासी पूनम मिश्रा से किया था। इससे पहले उसकी दो शादियां हो चुकी थी। मृतक की मां ने बताया कि शुक्रवार को छोटी बहू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। वह घर छोड़ कर भाग गई, जबकि एक सप्ताह पहले बेबी महतो बंगलुरु चली गई। दोनों पत्नी में विवाद होने से वह यहां से चली गई है, ताकि यह दोनों खुशी से रह सकें, लेकिन पूनम मिश्रा के साथ सुमन शेखर मिश्रा का विवाद कम नहीं हुआ।






