सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर थाना अंतर्गत केन्दमुंडी गांव में बीती रात अज्ञात अपराधियों ने घर में घुस कर युवक की हत्या कर दी. मृतक का नाम मुचीराम भकत (28) बताया जा रहा है. सूचना मिलने पर राजनगर पुलिस केन्दमुंडी गांव पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के सम्बंध में मृतक के बड़े भाई घासीराम भगत ने बताया कि वह और उसका छोटा भाई मुचीराम भकत दोनों घर में अकेले ही रहते हैं. माता-पिता नहीं हैं. गुरुवार की सुबह प्रतिदिन की तरह छोटा भाई मुचीराम अपने कमरे से उठकर नहाने- धोने तालाब गया. वापस लौट कर पूजा पाठ किया. मैं सात बजे फैक्ट्री ड्यूटी के लिए निकल गया. शाम को करीब आठ बजे घर लौटा और देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ था. छोटे भाई को इधर-उधर आवाज दी, लेकिन कहीं से कोई जवाब नहीं आ रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद दूसरा कमरा जहां पुराने सामानों को रखा गया है, उस कमरे का दरवाजा का एक पल्ला खुला हुआ था. अंदर जाकर देखा तो मुचीराम खून से लथपथ मृत पड़ा था. उसके सर के पीछे हिस्से में गहरे चोट के निशान थे, जहां से खून निकल रहा था. उसके दोनों के हथेली पर भी धारदार हथियार से कटे हुए निशान मिले हैं. पैरों में चोट के निशान हैं. इससे प्रतीत होता है किसी ने उसकी धारदार हथियार से हत्या कर दी है. उन्होंने पुलिस से भाई के हत्यारोपियों को ढूंढ निकालने और कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
बड़े भाई ने यह भी बताया कि उसका छोटा भाई पढ़ने में तेज था. वह उसकी पढ़ाई लिखाई में पैसे की जरूरतों को पूरा करता था, ताकि भाई अच्छा पढ़े और वह भी आगे पढ़ लिखकर नौकरी करना चाहता था. इधर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने कहा कि पुलिस को कल रात जैसे ही सूचना मिली. मौके पर पहुंच कर आस- पड़ोस के लोगों से पूछताछ की गई. युवक के सर में चोट के निशान है. किसी अज्ञात अपराधियों द्वारा हत्या की गई है. पुलिस जल्द ही मामले का पटाक्षेप करेगी और हत्यारोपियों को जेल के सलाखों के पीछे भेजेगी. पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है.





