
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत कदमा-आदित्यपुर टोल ब्रिज से खरकई नदी में कूदे युवक का शव पुलिस ने शुक्रवार की दोपहर बरामद कर लिया. सात स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया. नदी में कूदने वाला युवक बागबेड़ा के हरहरगुट्टु स्थित अंबेडकर नगर निवासी अमन झा (17) था. मौके पर मौजूद परिजनों ने शव की पहचान की. पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

आथिक तंगी से था परेशान
परिजनों ने बताया कि अमन अपने पिता रविंद्र झा फूल बेचने का काम करते है. अमन का तीन बहन और एक भाई है, जिसमें वह सबसे बड़ा था. चार साल पहले मां की मौत के बाद पिता ने दूसरी शादी कर ली. अमन काम में अपने पिता का हाथ बंटाता था. पिता रविंद्र झा को ब्लड कैंसर है, जिसको लेकर वह काफी परेशान रहता था. जो भी आमदनी होती वह पिता के इलाज में ही खर्च हो जाता था. इस कारण घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी.
आत्महत्या करने से पहले पिता को किया था मैसेज
बागबेड़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार की शाम मृतक के परिजन गुमशुदगी की शिकायत लेकर थाना आए थे. मृतक के परिजनों ने बताया था कि मृतक अमन ने पिता के मोबाइल पर गुरुवार दोपहर 1 बजकर 37 मिनट पर आत्महत्या करने का मैसेज किया था. पिता ने शाम को वह मैसेज देखा था. वहीं जानकारी मिली थी कि खरकई नदी में एक युवक ने कूदकर आत्महत्या की है. अमन के मोबाइल का लोकेशन भी कदमा में दिखा रहा था. अंत में मृतक के पिता ने साइकिल और चप्पल से उसकी पहचान की थी. ज्ञात हो कि गुरुवार दोपहर आदित्यपुर टोल ब्रिज से खरकई नदी में कुदकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली थी.






