
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत आदित्यपुर टोल ब्रिज से खरकाई नदी में कूदे युवक की पहचान बागबेड़ा के अम्बेडकर नगर निवासी अमन झा (17) के रूप में की गई। अमन ने आत्महत्या करने से पहले अपने पिता रविंद्र झा को फोन कर आत्महत्या करने की जानकारी दी थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक शव को नदी से नहीं निकाला है। शुक्रवार को पुलिस गोताखोरों की मदद से शव को निकालेगी। कदमा थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि युवक द्वारा नदी में छलांग लगाने की सूचना मिलने पर पुलिस को वहां भेजा गया था। पुलिस को पुल से एक साइकिल और चप्पल बरामद हुई थी। जांच में पता चला था कि बागबेड़ा निवासी अमन झा घर से गायब है। फिलहाल अमन के पिता रविंद्र झा ने साइकिल और चप्पल की मदद से उसकी पहचान की है, फिर भी जब तक शव को नदी से नहीं निकाला जाएगा तब तक उसकी पहचान को जाहिर नहीं कर सकते। मृतक के पिता रविंद्र झा फूल बेचने का व्यापार करते हैं। रविंद्र झा ने पुलिस को बताया कि अमन ने उन्हें दोपहर 1 बजे फोन कर कहा कि सॉरी पापा मुझे माफ कर देना मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं। और उसने फोन काट दिया उसके बाद वे तत्काल दौड़े भागे बागबेड़ा थाना पहुंचे और यहां पर पुलिस को सारी जानकारी दी। हालांकि तब तक देर हो चुकी थी इधर युवक द्वारा नदी में छलांग लगा चुका था।








