
रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिला के अंतर्गत रजरप्पा मंदिर मैं भक्तों पर लाठी चलाने वाले पांच जवानों को निलंबित कर दिया गया है. जानकारी के अनुसार सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर निवासी सौरभ कुमार, सुमन कुमार और प्रेम कुमार अपने परिवार के साथ रविवार को मां छिन्नमस्तिके देवी की पूजा अर्चना करने रजरप्पा मंदिर पहुंचे थे. बताया जाता है कि मंदिर में भीड़ अधिक होने के कारण वे लोग निकासी द्वार से अंदर प्रवेश करने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद पांच पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने लगे. पुलिसकर्मियों ने लाठी, थप्पड़ और घूंसे से श्रद्धालुओं की पिटाई कर दी. इस दौरान श्रद्धालु की पत्नी और उसकी मां उसे बचाने की कोशिश करती रहीं, लेकिन पुलिसकर्मी लगातार मारपीट करते रहे. ( नीचे देखें पूरी खबर )
बाद में मंदिर के पुजारियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कर लिया, जो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गयी और मामले की जांच शुरू कर दी गयी. डीजीपी तदाशा मिश्र ने तत्काल मामले को गंभीरता से लिया और इसमें कार्रवाई करने का आदेश रामगढ़ एसपी को दिया. एसपी अजय कुमार ने बताया कि रविवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ थी. अनुमान के मुताबिक उस दिन करीब 15 से 20 हजार श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे. इसी दौरान आदित्यपुर से आये कुछ लोग निकासी द्वार से जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे और पुलिसकर्मियों के साथ विवाद हो गया. जिसके बाद हाथापाई की स्थिति बन गयी. मामले की जांच के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए जैप जवान श्यामलाल महतो, राधेश्याम कुजूर, बहादुर उरांव, जॉनसन सुरीन और गृह रक्षक सिकंदर यादव को निलंबित कर दिया गया है.






