
रांची : झारखंड की राजधानी रांची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार (सेंट्रल जेल) में दीवार फांदकर भागने की कोशिश कर रहे कैदी की मौत हो गयी. कैदी सुनील कुमार सिंह है, जो कई दिनों से जेल में बंद था. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कैदी सुनील कुमार सिंह जेल परिसर के अंदर ही सुबह के वक्त लगे एक पेड़ पर चढ़कर दीवार फांदकर भागने की कोशिश कर रहा था. चूंकि, जेल की चाहरदिवारी काफी ऊंची थी, इस कारण वह पेड़ के सहारे दीवार तक नहीं पहुंच सका और वह वहीं फिसलकर गिर गया. इस दौरान वहां मौजूद कैदी दौड़े और जेल के ही अस्पताल में उसका इलाज किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गयी थी. बताया जाता है कि उसके सिर में गंभीर चोट लग जाने के कारण उसकी मौत हो गयी. सिर के बल ही कैदी गिरा था. वैसे मेडिकल बोर्ड की देखरेख में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है.



