रांची/जमशेदपुर : झारखंड में रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानें खुलेगी. दुकान या रेस्टोरेंट को खोलने की इजाजत झारखंड की राजधानी रांची में दे दी गयी है. रांची वैसे रेड जोन में आता है और राज्य में सर्वाधिक केस राजधानी रांची में ही आया है, लेकिन इसके बावजूद सोशल डिस्टेंसिंग और सिर्फ होम डिलीवरी के लिए यह सुविधाएं शुरू रहेगी. रांची के सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने इसकी पुष्टि की है और कहा कि राज्य भर में लॉकडाउन के दौरान कई सारी छूट दी गयी है, जिसको देखते हुए मिठाई और रेस्टोरेंट की दुकानों को खोलने को कहा गया है. सभी को होम डिलीवरी करने की इजाजत दी गयी है. कहीं भी बैठकर खाने की इजाजत नहीं होगी. दुकानदारों के व्यवसाय, जरूरत के सामान लोगों को मिले और कोविड-19 से लोगों का बचाव भी सुनिश्चित हो, इसको देखते हुए यह कदम उठाया गया है. हालांकि, यह सुविधा अब तक पूरे जिले के लिए लागू नहीं की गयी है.

जमशेदपुर में टेंट डीलर्स पहुंचे डीसी के पास, मांगी छूट
वैश्विक संकट कोरोना को लेकर देश पिछले 24 मार्च से लॉक डाउन पर है. जहां कई बड़ी-बड़ी कंपनियों ने हाथ खड़े कर दिए हैं. वही रोजगार और पलायन एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आ रही है. इन सब के बीच जमशेदपुर के टेंट कारोबारी अपनी समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा. सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बताया कि लॉक डाउन के बाद से पूरे जिले के टेंट कारोबारी भुखमरी की स्थिति में पहुंच गए हैं. उन्होंने बताया कि लॉकडाउन रहने के बाद भी जिला प्रशासन के कहने पर इन्होंने बैरिकेडिंग वगैरह करने में अपनी अहम भूमिका निभाई बावजूद इसके अब तक टेंट डेकोरेशन उद्योग को आवश्यक सेवा में शामिल नहीं किया गया है. उन्होंने बताया कि अब लग्न का समय भी समाप्त हो चुका है, ऐसे में जल्द ही सरकार इनकी मांगों पर विचार नहीं करती है टेंट- डेकोरेशन कारोबारियों की स्थिति और भी भयावह हो जाएगी. उन्होंने मुख्यमंत्री से जिले के टेंट डीलरों को अविलंब एक लाख रुपए सहायता मुहैया कराए जाने की मांग की है.







