
रांची : हाई कोर्ट की फटकार के बाद रिम्स प्रबंधन सक्रिय हो गया है. इससे पूर्व हाई कोर्ट ने सीटी मशीन रिम्स में लगाने की अद्यतन जानकारी मांगी थी, जिसमें रिम्स प्रबंधन सही जानकारी नहीं दी थी जिसके बाद हाई कोर्ट ने नाराजगी जताई थी. जिसके बाद रिम्स में व्यवस्था सुधारने की तैयारी की शुरू कर दी है. जिसके तहत हॉस्पिटल में इलाजरत मरीजों का बेड पर ही एक्सरे किया होगा. जिससे मरीजों को एक्सरे के लिए कहीं और ले जाने की जरूरत नहीं होगी. यह सुविधा केवल वैसे मरीजों को मिलेगी जो चलने-फिरने में लाचार होंगे. इसके अलावा हॉस्पिटल के सामान्य मरीजों के लिए फिक्स मशीन लगाई जा रही है. रिम्स में लंबे समय बाद नई एक्सरे मशीन लगायी जा रही है. हॉस्पिटल में हर दिन काफी संख्या में मरीज आते हैं. जहां 250-300 मरीजों को एक्सरे कराने की सलाह डॉक्टर देते हैं. ऐसे में सेंटर के बाहर मरीजों की लाइन लगी रहती है. कई बार तो मरीजों को वेटिंग मिलती है. कुछ लोग तो इस चक्कर में एक्सरे कराने के लिए प्राइवेट सेंटरों में चले जाते हैं. जहां पर तीन-चार गुना पैसे भी चुकाने पड़ते हैं. अब रिम्स प्रबंधन ने हॉस्पिटल में 17 एक्सरे मशीन लगाने के लिए टेंडर निकाला है. जिसमें 5 फिक्स एक्सरे मशीन और 12 मोबाइल एक्सरे मशीन हैं. टेंडर में एक और सीटी स्कैन मशीन के भी इंस्टालेशन कराने की बात कही गयी है. जिससे कि मरीजों को रिम्स में ही दो सीटी स्कैन मशीनों की सुविधा मिलने लगेगी. वहीं मरीजों का सरकारी रेट पर टेस्ट किया जाएगा.



