जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डीडी बार में हुई युवक हिमांशु सिंह की मौत और प्रत्युष आनंद के ऊपर हुए कातिलाना हमला के मामले में भाजपा लगातार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी नजर आ रही है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू शनिवार को सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर शांतिनगर स्थित हिमांशु सिंह के आवास पर पहुंचे. उनके साथ पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही समेत तमाम वरीय नेता मौजूद थे. जमशेदपुर और सरायकेला खरसावां जिले के भाजपा अध्यक्ष भी यहां मौजूद थे. इस दौरान हिमांशु सिंह के पिता से उन्होंने मुलाकात की. पूरे परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि इस मामले में पार्टी उनके परिवार के साथ अंतिम लड़ाई तक साथ रहेगी. इस दौरान उन्होंने प्रत्युष सिंह के पिता और चाचा से फोन पर बात की और इच्छा जतायी कि वे लोग उनके घर भी जाना चाहते है तब उनके पिता और चाचा ने कहा कि वे लोग कोलकाता में बेटे के इलाज के लिए आये है. (नीचे भी पढ़ें)
लिहाजा, अभी नहीं आये, वे लोग रांची आयेंगे तो मिल लेंगे. इसको लेकर सरकार के खिलाफ जरूरत पड़ी तो सीबीआइ जांच के लिए पीआइएल भी कराया जा सकता है जबकि पार्टी के लोग राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिलकर यहां की विधि व्यवस्था की सारी जानकारी देंगे और मामले की जांच उच्चस्तरीय तौर पर कराने की मांग करेंगे. इन लोगों ने कहा कि इस मामले में अब तक दोषी पुलिसवालों के खिलाफ कोई आपराधिक मुकदमा दायर नहीं किया गया है जबकि पुलिसवाले सबसे पहले दोषी है क्योंकि उनके जीप से उतारकर और फिर पुलिसवालों के सामने चापड़ से हमला किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने डीडी बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह के खिलाफ दायर किये गये एफआइआर को लेकर कहा कि पुलिस ने मामले को डाइवर्ट करने के लिए यह सारा कुछ किया है. यह तो उसी तरह की बात हो गयी कि कोई आदमी मेरे घर आया हो और फिर वह बाहर निकले तो हत्या हो जाये या कोई अपराध का शिकार हो जाये तो हमारे ऊपर ही केस दायर कर दिया जाये. यह गलत है. नीरज सिंह नियम से बार का संचालन करते है. उनके सारे दस्तावेजों की जांच हमारी लीगल टीम ने की है. लीगल टीम ने कहा है कि सही तरीके से बार का संचालन हो रहा है. ऐसे में उनके ऊपर इस तरह का आरोप लगाना गलत है. अगर हत्याकांड में उनकी संलिप्तता पायी जाती है तो पुलिस कार्रवाई करें, भाजपा को कोई आपत्ति नहीं होगी. लेकिन कारोबार करना अपराध नहीं है.







