जमशेदपुर : 36वीं नेशनल अंडर-17 ओपन चेस चैंपियनशिप 2026, जम्मू में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड के युवा शतरंज खिलाड़ी अधिराज मित्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीतकर नेशनल अंडर-17 ओपन चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. अधिराज ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए 11 राउंड में शानदार 9 अंक हासिल किए. पूरे चैंपियनशिप के दौरान उन्हें कोई भी खिलाड़ी पराजित नहीं कर सका. इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित 201 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. (नीचे भी पढ़ें)
इतने बड़े और कड़े मुकाबले के बीच अधिराज का नेशनल चैंपियन बनना झारखंड के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. यह उपलब्धि न केवल अधिराज और उनके परिवार, बल्कि पूरे झारखंड, पूर्वी सिंहभूम और जमशेदपुर के लिए गर्व और खुशी का क्षण है. अधिराज की मेहनत, लगन, अनुशासन और निरंतर संघर्ष ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि झारखंड की धरती से निकलने वाली प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकती है. उनके इस प्रदर्शन को लेकर राज्य के कई मंत्रियों ने भी अपने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर को साझा किया है.




