जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित प्रगति सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के आतिथ्य में 7 से 9 अक्टूबर तक 37वां क्षेत्रीय खेल-कूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता-2026 का आयोजन टेल्को के सुमंत मुलगांवकर स्टेडियम में किया जाएगा. प्रतियोगिता के सफल आयोजन की तैयारियों एवं रूपरेखा की जानकारी देने के लिए सोमवार, 5 अक्टूबर को विद्यालय परिसर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई. पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जमशेदपुर विभाग प्रमुख तुलसी ठाकुर, विद्यालय के संरक्षक मनोज लकड़ा, उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, विद्या भारती खेल प्रमुख मदन राय, संकुल प्रमुख रंजय कुमार राय एवं प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि ने प्रतियोगिता की तैयारियों एवं आयोजन से संबंधित जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)
विभाग प्रमुख तुलसी ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता में बिहार एवं झारखंड के 64 विद्यालयों से कुल 363 भैया-बहन भाग लेंगे, जिनमें 159 भैया एवं 204 बहनें शामिल हैं. प्रतियोगिता में कुल 94 एथलेटिक्स इवेंट होंगे, जिसमें 58 ट्रैक एवं 36 फील्ड इवेंट शामिल हैं. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक गाजियाबाद में आयोजित अखिल भारतीय खेल-कूद (एथलेटिक्स) प्रतियोगिता-2026 में भाग लेंगे. उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि जमशेदपुर सांसद विद्युत वरण महतो एवं विशिष्ट अतिथि पूर्वी जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा साहू सहित जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की, विद्या भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री ख्याली राम, अखिल भारतीय मंत्री ब्रह्माजी राव, क्षेत्रीय मंत्री राम अवतार नर्सरियां एवं विद्या विकास समिति के प्रदेश सचिव नकुल कुमार शर्मा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
संरक्षक मनोज लकड़ा ने कहा कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर आवास, भोजन, खेल मैदान, चिकित्सा एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है. उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि इस आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा. प्रधानाचार्य अभिलाष गिरि ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं शारीरिक दक्षता का विकास करता है. अंत में संकुल प्रमुख रंजय कुमार राय ने कहा कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं आचार्यों की टीम पूरी तत्परता से जुटी हुई है. बेहतर समन्वय, अनुशासन एवं सहयोग के साथ प्रतियोगिता को सफल एवं यादगार बनाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है.




