रांची : झारखंड के राजधानी रांची वासियों को कल 3 जुलाई को बड़ी सौगात मिलने वाली है. केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कल रांची के साथ साथ गढ़वा में भी एनएचएआइ की योजनाओं का उदघाटन करेंगे. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को सुबह करीब 10.40 बजे दिल्ली से रांची आयेंगे. इसके बाद गढ़वा के हूर गांव जायेंगे. गढ़वा में दिन के 12 बजे रेहला फोर लेन सड़क का उदघाटन करेंगे. साथ ही गढ़वा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद हेलीकॉप्टर से दिन के 2:15 बजे रांची लौटेंगे. रांची में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सबसे पहले बिरसा चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. उसके बाद यहां से रातू रोड पहुंचेंगे और करीब 3 बजे एलिवेटेड कॉरिडोर का उदघाटन करेंगे. मोटरसाइकिल जुलूस के साथ मंत्री ओटीसी ग्राउंड पहुंचेंगे और सभा को संबोधित करेंगे.




