जुगसलाई: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद की अध्यक्षा नौशीन खान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने सिटी मैनेजर, सफाई सुपरवाइजर सहित संबंधित अधिकारियों के साथ सफाई की मौजूदा व्यवस्था का जायजा लेते हुए डोर-टू-डोर कचरा उठाव को नियमित और सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया.अध्यक्षा नौशीन खान ने कहा कि शहरवासियों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराना नगर परिषद की मूल जिम्मेदारी है. उन्होंने क्षेत्र में लचर सफाई व्यवस्था को 15 दिनों के भीतर दुरुस्त करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि विभिन्न इलाकों में जमा होने वाले कचरे, गंदगी और सफाई से संबंधित शिकायतों का समय पर समाधान किया जा सके. इसी क्रम में अध्यक्षा नौशीन खान ने शिव घाट रोड स्थित ठोस अपशिष्ट (कचरा डंपिंग यार्ड) का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया. उन्होंने डंपिंग यार्ड की मौजूदा स्थिति का स्वयं जायजा लिया और वहां मौजूद कचरे एवं सफाई से जुड़ी समस्याओं को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया.(नीचे भी पढ़े)

निरीक्षण के दौरान सरकारी जमीन पर निर्माण कार्य जारी होने की बात भी सामने आई. अध्यक्षा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जमीन की प्रकृति, निर्माण कार्य तथा उससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.अध्यक्षा की ओर से कहा गया कि यदि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण या अनधिकृत निर्माण किया जा रहा है, तो इसकी पूरी जांच होनी चाहिए कि यह कार्य किसकी अनुमति या कथित संरक्षण में हो रहा है और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं. उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार लोगों की पहचान करते हुए कानून के अनुसार कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया.उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और यदि किसी व्यक्ति या संस्था की लापरवाही, मिलीभगत अथवा अवैध गतिविधि साबित होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए. (नीचे भी पढ़े)
अध्यक्षा ने यह सवाल भी उठाया कि जब उक्त स्थल पर प्रतिदिन नगर परिषद की गाड़ियों के माध्यम से कचरा डाला और उठाया जाता है तथा वहां सफाई से संबंधित कर्मचारी भी मौजूद रहते हैं, तो फिर सरकारी जमीन पर हो रहे कथित निर्माण या अतिक्रमण की जानकारी संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों को क्यों नहीं हुई? उन्होंने इस पूरे मामले की विस्तृत जांच की मांग की.
जुगसलाई नगर परिषद में सफाई व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है. चेयरपर्सन नौशीन खान के प्रस्ताव पर जुस्को की तर्ज पर घरों से निकलने वाले कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए आरएफआईडी बारकोड सिस्टम लागू करने की दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी गई है.अध्यक्षा ने अपनी प्रस्तावित बोर्ड बैठक में इस संबंध में सुझाव प्रस्तुत किया था. इसके तहत घर-घर से एकत्र किए जाने वाले कचरे की निगरानी और उसके बेहतर प्रबंधन को तकनीक से जोड़ने की योजना है.आरएफआईडी बारकोड योजना के पहले चरण में जुगसलाई नगर परिषद के सभी वार्ड सदस्यों के घरों पर आरएफआईडी बारकोड लगाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है.अध्यक्षा नौशीन खान ने कहा कि बेहतर सफाई व्यवस्था, व्यवस्थित कचरा उठाव और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए नगर परिषद स्तर पर लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रखी जाएगी.







