
जमशेदपुर : टाटा स्टील की शत-प्रतिशत सब्सिडियरी वाली कंपनी जुस्को (अब टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज कंपनी लिमिटेड) की अधीकृत जुस्को श्रमिक यूनियन का चुनाव की घोषणा कर दी गयी. इसका चुनाव 27 और 28 मार्च को होने जा रहा है. इससे पहले जुस्को श्रमिक यूनियन की आमसभा होगी, जिसकी तिथि 14 मार्च निर्धारित की गयी है. जुस्को के कार्यालय परिसर के ही मैदान में आमसभा होगी, जिसमें कुल 670 सदस्य भाग लेंगे. शुक्रवार को जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय और महामंत्री वीडी गोपाल कृष्णा समेत अन्य पदाधिकारियों ने संवाददाता सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी. इन लोगों ने बताया कि एक अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2023 तक के लिए चुनाव 27 और 28 मार्च को होगा. कुल तीन साल का कार्यकाल होगा. इससे पहले जो आमसभा होगी, उसमें एजेंडा भी तय किया गया है, जिसमें पहले कार्यकारिणी का सारा लेखा जोखा के साथ आय-व्यय का ब्योरा पेश किया जायेगा और उसको पारित कराया जायेगा. आमसभा में चुनाव कराने और चुनाव की प्रक्रिया को लेकर भी रजामंदी ली जायेगी. रघुनाथ पांडेय और वीडी गोपाल कृष्णा ने बताया कि टाटा वर्कर्स यूनियन के पूर्व कमेटी मेंबर और कोक प्लांट के कर्मचारी सीएस झा को चुनाव पदाधिकारी बनाया गया है. वहीं, सहायक चुनाव पदाधिकारी टाटा स्टील के कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) के पूर्व कमेटी मेंबर और टाटा स्टील के कर्मचारी अश्विनी माथन को नियुक्त किया गया है.
चुनाव समिति के लिए जुस्को के चार कर्मचारियों का चयन किया गया है, जिसके लिए जुस्को यूनियन के कमेटी मीटिंग में मंजूरी ली गयी है. जुस्को में वेज रिवीजन समझौता लंबित है, जिसके बीच में ही चुनाव होगा. यहीं वजह है कि अब यूनियन के पदाधिकारी चाहते है कि वेज रिवीजन समझौता चुनाव और आमसभा के पहले ही कर दिया जाये, जिसके लिए वार्ता काफी तेजी से चल रही है. प्रबंधन से बातचीत चल रही है. जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने बताया कि बेहतर ग्रेड रिवीजन कराने के लिए यूनियन और मैनेजमेंट की बातचीत चल रही है. एमजीबी यानी मिनिमम गारंटीड बेनीफिट को लेकर जीच है. यूनियन चाहती है कि 11 फीसदी एमजीबी मिले जबकि मैनेजमेंट 9 फीसदी देने को राजी हो चुकी है. वैसे यह तय है कि सात साल के लिए यह ग्रेड रिवीजन समझौता होगा. टाटा स्टील की तर्ज पर डीए को भी फ्रीज करने का प्रस्ताव मैनेजमेंट ने दिया है, लेकिन अब तक सहमति नहीं मिल पायी है. जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने उम्मीद जतायी है कि बेहतर ग्रेड रिवीजन समझौता कर लिया जायेगा.





