
Jamshdpur : कदमा के रामनगर में काली पूजा बड़ी धूमधाम से मनाई गई। बस्तीवासियों ने आपसी सहयोग से पूजा का आयोजन किया. बड़े स्तर पर भोग का वितरण किया। यहां तरुण मित्र मंडली के संरक्षक कैप्टन तरुण ने फीता काट कर एवं नारियल तोड़ कर पूजा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर करीब 30 साल पहले इस पूजा की शुरुआत करनेवाले पूर्व मुखिया की तस्वीर पर पुष्प अर्पित एवं अगरबत्ती दिखा कर, कैप्टन तरुण व केंद्रीय अध्यक्ष आफताब खान ने सम्मान व्यक्त किया। ज्ञात हो कि पूर्व मुखिया का कुछ महीने पहले निधन हो चुका है।
कैप्टन तरुण ने अपने वक्तव्य में टाटा कंपनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी किस्मत वाले हैं, जो जमशेदपुर में रहते हुए अन्य शहरों के मुकाबले बेहतर सुविधा भोगी हैं। लेकिन जो हिस्सा टाटा कंपनी के दायरे से बाहर व सरकार की जिम्मेवारी में है, वहां सुविधा के नाम पर सिर्फ लीपापोती हुई है। उन्होंने बताया पूर्वी भारत का सबसे प्रमुख औद्योगिक नगर होने के बावजूद झारखंड बनने के करीब दो दशकों में कोई नया उद्योग नही लगी, बल्कि कई छोटे-बड़े उद्योग बंद होते जा रहे हैं। लोग बेरोजगार हो रहे हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं भी नही रेंग रहा। इस अवसर पर कमेटी की तरफ से नरेश मुखर्जी, दीपक दास, राजा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।



