
चाईबासा : कोरोना किसी का रिश्तेदार नहीं है, कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में आ सकता है. इसलिए अब भी समय है, इससे बचाव के नियमों का गंभीरता से पालन करें. इससे हम अपने साथ पूरे समाज का बचाव कर सकते है.पश्चिमी सिंहभूम जिले का कोविड-19 कंट्रोल रूम भी कोरोना संक्रमण का शिकार हो गया है. कंट्रोल रूम के डाटा एंट्री ऑपरेटर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं.इसके बाद कर्मियों में दहशत का माहौल है. कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या पश्चिमी सिंहभूम ही नहीं पूरे राज्य में तेजी से बढ़ रही है. राज्य सरकार इसको लेकर काफी चिंतित है. लेकिन सिर्फ चिंता करने से इस समस्या का समाधान नहीं होने वाला है. इसे और फैलने से रोकना है तो बचाव के उपायों का गंभीरता से पालन करना होगा. बिना मास्क के घर से नहीं निकले. घर से बाहर जब भी निकले तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें. समय समय पर हाथों को साबुन या सेनीटाइजर से साफ करते रहें. पश्चिमी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को 47 व्यक्ति कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं. इस तरह जिले में संक्रमित व्यक्तियों की संख्या 935 हो गई है. जिले में 9 व्यक्ति कोरोना संक्रमण के कारण अपनी जान गवां चुके हैं. कोविड-19 कंट्रोल रूम के स्टाफ के संक्रमित पाए जाने के बाद पूरे कार्यालय को सील कर दिया गया है. बाकी कर्मचारी बाहर बैठकर काम कर रहे हैं. इस कारण डाटा एंट्री का काम भी प्रभावित हो रहा है. पूरे कार्यालय को सेनिटाइज करने के बाद ही दूसरा कार्यालय में काम शुरु किया जाएगा.







