
आदित्यपुर : बुधवार को कोल्हान डीआईजी राजीव रंजन सिंह आदित्यपुर पहुंचे, जहां रूटीन विजिट के बाद उन्होंने क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों से मिलने की इच्छा जाहिर की थी. वैसे कई प्रबुद्ध जन थाना पहुंचे. आदित्यपुर नगर निगम के कुछ एक पार्षद भी डीआईजी से मिलने थाना पहुंचे. हालांकि ज्यादातर प्रबुद्ध जन नहीं पहुंच सके. वहीं आदित्यपुर नगर निगम के मेयर एवं डिप्टी मेयर डीआईजी के चले जाने के बाद थाना पहुंचे. वैसे इस दौरान थाने में एसपी, एसडीपीओ व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे, लेकिन दोनों बगैर किसी से मिले वापस चले गए.

इधर गणमान्य व्यक्तियों से बातचीत के क्रम में वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता रविंद्र नाथ चौबे ने डीआईजी को आदित्यपुर में गिरती कानून व्यवस्था को लेकर विशेष चौकसी बरते जाने की सलाह दी. उन्होंने ब्राउन शुगर कारोबारियों पर नकेल कसने के लिए विशेष रणनीति बनाने की भी सलाह दी. वहीं लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए आदित्यपुर में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग पार्षद अभिजीत महतो ने डीआईजी के समक्ष रखी. इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता रमन चौधरी ने भी विधि व्यवस्था से संबंधित परेशानियों से डीआईजी को अवगत कराया. हालांकि डीआईजी ने सभी की बातों को गंभीरता से लेने का भरोसा दिलाया एवं मौजूद थाना प्रभारी को इस दिशा में बेहतर पहल करने की नसीहत दी. वहीं मेयर एवं डिप्टी मेयर के बैरंग वापस लौटने की चर्चा जोर शोर से चलती रही.







