जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो नगर निगम के चुनाव में वार्ड नंबर 11 से वार्ड सदस्य का चुनाव विवादों में घिरता नजर आ रहा है. इस चुनाव में जीतने वाली सुशीला शर्मा के खिलाफ एक शिकायत दर्ज करा दी गयी है. वार्ड नंबर 11 की प्रत्याशी रही अंजू गोराई के पति रवि गोराई ने जमशेदपुर के उपायुक्त सह निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर सुशीला शर्मा के फर्जी दस्तावेजों एवं नियम उल्लंघन कर जाति प्रमाण पत्र बनवाने की शिकायत की है. यह बताया गया है कि सुशीला शर्मा का मायका बिहार के बिहार शरीफ जिले में है. उन्होंने पति के आधार पर जाति प्रमाण पत्र निर्गत करवा लिया है, जो शायद पूरे भारत में इकलौता केस है जब कोई महिला का जाति पिता नहीं पति के आधार पर बना है. (नीचे भी पढे़ं)
यह बताया गया है कि सुशीला शर्मा का दो दिनों में जाति प्रमाण पत्र निर्गत किया गया है जबकि जिन व्यक्तियों का खतियान नहीं होता, उनको पांच खतियान धारियों के गवाह के बावजूद 15 दिन का नोटिस अंचल कार्यालय एवं नगर निगम को देना ही पड़ता है. बिना 15 दिन के नोटिस के जाति प्रमाण पत्र निर्गत होना किसी भी परिस्थिति में सही नहीं है. साथ ही उपायुक्त कार्यालय, अंचल कार्यालय एवं मानगो नगर निगम में आरटीआई (सूचना का अधिकार अधिनियम) के माध्यम से सुशीला शर्मा के जाति प्रमाण पत्र के लिए दिए गए दस्तावेजों की मांग भी की गई है. इसकी शिकायत उपायुक्त से की गयी है. उपायुक्त ने उचित जांच का आश्वासन दिया है.







