
बहरागोड़ा : जुगसलाई के विधायक सह झारखण्ड विधानसभा के सचेतक मंगल कालिन्दी शनिवार को बहरागोड़ा प्रखंड की चिंगड़ा पंचायत के कोसाफोलिया गांव पहुंचे. वहां उन्होंने शहीद गणेश हांसदा की तसवीर पर मालार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किया. उन्होंने शहीद के परिवार को अपने स्तर से 11 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की. साथ ही जिले के उपायुक्त रविशंकर शुक्ला से फोन से बात कर अविलंब सरकारी प्रक्रिया पूरा करने का निर्देश दिया. ताकि सरकार से मिलने वाली सुविधा जल्द शहीद के परिवार को मिल सके. उन्होंने परिवार को अश्वत किया कि हमेशा झामुमो परिवार उनके साथ खड़ा रहेगा. उन्होंने कहा कि गणेश हांसदा की शहादत बेकार नहीं जाएगी. गणेश हांसदा के शहीद होने का गम है, तो गर्व भी है कि झारखंड का बेटा अपनी भारत मां की रक्षा करते हुए शहीद हो गया है. शहीद होकर गणेश हांसदा सदा के लिए हम सबों के बीच अमर हो गये हैं. इस दौरान झामुमो के केन्द्रीय सदस्य महावीर मुर्मू, सिंहभूम मजदूर यूनियन के सचिव रमेश माझी, मिठुन चक्रवर्ती, ललित मांडी, डोमन माझी, मिठु हांसदा, अर्जुन हेम्ब्रम, बासु किस्कू, सुनील हेम्ब्रम समेत अन्य लोग उपस्थित थे.






