
जमशेदपुर : जमशेदपुर भाजपा के नये जिला अध्यक्ष गुंजन यादव बनाये गये है. भारतीय जनता युवा मोरचा के प्रदेश महामंत्री से जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष बनाये गये गुंजन यादव के नाम की घोषणा शुक्रवार को भापा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने की. इस घोषणा के बाद उनको बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. भाजपा के नये जिला अध्यक्ष गुंजन यादव ने अपना कामकाज शुरू भी कर दिया. शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के संबोधन कार्यक्रम में वे पदाधिकारियों के साथ शामिल हुए जबकि कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनसे मुलाकात की. इस दौरान वे भी भाजपा के आला नेताओं और अधिकारियों के साथ मुलाकात कर संगठन को सुचारु रुप से संचालित करने के लिए सहयोग भी मांगा. इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वे जल्द ही नयी कार्यकारिणी की घोषणा कर देंगे, जिसके लिए कुछ वक्त उनको लगेगा.
जमशेदपुर ग्रामीण भाजपा के जिला अध्यक्ष की घोषणा जल्द
जमशेदपुर ग्रामीण भाजपा के जिला अध्यक्ष की घोषणा अब तक नहीं हो पायी है. जल्द ही नये जिला अध्यक्ष की घोषणा कर दी जायेगी. इसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गयी है. नये जिला अध्यक्ष की घोषणा को लेकर इसलिए रोक दी गयी क्योंकि उसको लेकर सांसद विद्युत वरण महतो की लाबिंग है जबकि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की भी अपनी टीम सक्रिय है. इसको लेकर जबरदस्त लामबंदी की जा रही है. वैसे अटकलों का बाजार गरम है. वैसे इस पद को लेकर चंडीचरण साव, सरोज महापात्रा के साथ ही रोहित सिंह का भी नाम काफी ऊपर चल रहा है और इसकी घोषणा बहुत जल्द होने जा रही है. लेकिन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने जिस तरह संगठन के नये लोगों को सरायकेला-खरसावां और पश्चिम सिंहभूम में जगह दी है, उस तरह ग्रामीण भाजपा में भी संभव है कि चौकाने वाले फैसला ले लिये जाये.






