
चाईबासा: मंगलवार 8 अगस्त को झारखंड सरकार के मंत्री चंपई सोरेन(Minister Champai Soren),केंद्रीय महासचिव सह विधायक दीपक बिरुवा, विधायक निरल पूर्ति, विधायक सुखराम उरांव, चाईबासा नगर परिषद कार्यकारी अध्यक्ष डोमा मिंज, झामुमो के केंद्रीय सदस्य सुभाष बनर्जी समेत अन्य ने गुवा शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की. मंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि हेमंत सरकार शहीदों का सम्मान करती है और आगे भी करती रहेगी. श्री सोरेन ने कहा कि शहीदों के गांव को आदर्श गांव(Adarsh Village)बनाया जाएगा. जनता की आशाओं को हेमंत सरकार पूरा करेगी. झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह विधायक दीपक बिरुवा ने कहा शहीदों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी.
उन्होंने कहा कि सारंडा क्षेत्र के लोग आज भी लाल पानी पीने को विवश हैं, इससे निजात मिलना चाहिए. इसके लिए सीएसआर(csr) के तहत बड़े पैमाने पर काम होना चाहिए. इसके लिए उच्च स्तर पर बात भी की जाएगी. वहीं इस कोरोना काल में कंपनी द्वारा मैनपावर घटाने के मामले को आड़े हाथों लेते हुए विधायक श्री बिरुवा ने विरोध किया, कहा कि स्थानीय लोगों के रोजगार के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. केंद्र सरकार ने इस क्षेत्र में पिलेट प्लांट(Pilate Plant)स्थापित करने की घोषणा की थी. इसे चालू किया जाना चाहिए, इसके लिए सभी विधायक भी केंद्र स्तर पर वार्ता को तत्पर हैं. इससे पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष डोमा मिंज, पार्षद हृदय शंकर बिरुवा, झामुमो नेता मधुर नाथ सुम्बरुई ने मंत्री का स्वागत किया. इस दौरान किरीबुरू-मेघाहातुबुरु और गुवा सेल के मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की.







