जमशेदपुर : नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी), मुंबई बेंच ने इन्सॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड, 2016 (आईबीसी) के तहत वडराज सीमेंट लिमिटेड (वीसीएल) के अधिग्रहण के लिए न्युवोको विस्तास कॉर्प लिमिटेड की समाधान योजना को मंजूरी दे दी है. इस योजना में 1800 करोड़ रुपये का अग्रिम भुगतान शामिल है, जिसे विशेष आदेश के तहत स्वीकृत किया गया है. इस अधिग्रहण की प्रक्रिया न्युवोको की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी वान्या कारपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड (वान्या) के माध्यम से पूरी की जाएगी. इसके बाद वान्या का वीसीएल में विलय कर दिया जाएगा, जिससे वीसीएल न्युवोको की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बन जाएगी. न्युवोको अगले कुछ सालों में 1000 से 1200 करोड़ रुपये का निवेश वीसीएल के सात वर्षों से बंद पड़े संयंत्रों को पुनः चालू करने में करेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इन संयंत्रों के संचालन को सुचारू रूप से शुरू करने के लिए 15 से 18 महीनों में चरणबद्ध निवेश किया जाएगा, और उत्पादन वित्त वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही तक शुरू होने की उम्मीद है. इस अधिग्रहण से न्युवोको की कुल सीमेंट उत्पादन क्षमता 31 एमएमटीपीए तक पहुंच जाएगी, जिससे यह भारत की पांचवीं सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी बन जाएगी. न्युवोको के एमडी जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि यह अधिग्रहण कंपनी की लॉजिस्टिक दक्षता और प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाएगा, जिससे नए बाजारों तक विस्तार संभव होगा.



