पेरिस : नेपाल के बाद अब फ्रांस में बवाल मच गया है. सैकड़ों की संख्या में लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं. राजधानी पेरिस में बुधवार (10 सितंबर) को आगजनी और तोड़फोड़ की कई घटनाएं हुईं. सूत्रों के मुताबिक फ्रांस में प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर दीं. प्रदर्शनकारियों ने कचरे के डिब्बे जला दिए. इसको लेकर प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ कई जगह झड़पें भी हुईं. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खिलाफ सड़कों पर उतरे हैं. उनका आरोप है कि मैक्रों सरकार ने उनके लिए कोई काम नहीं किया. लोग जीवनस्तर में सुधार को लेकर सरकार से उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन खराब वित्तीय प्रबंधन के कारण स्थिति बिगाड़ती जा रही है. लोग प्रस्तावित बजट कटौती की वजह से भी गुस्से में हैं. एक रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि देश भर में सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है. वहीं दूसरी ओर प्रदर्शनकारियों ने कई जगह सड़कें भी जाम कर दी हैं. हालांकि, फ्रांस अभी तक पूरी तरह बंद नहीं है. सुरक्षा बलों की तैनाती के बाद दर्जनों प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान पुलिस के साथ प्रदर्शनकारियों की झड़पें भी हुई हैं. (नीचे भी पढ़ें)

दरअसल संसद ने दो दिन पहले ही प्रधानमंत्री फ्रांस्वा बायरो को अविश्वास प्रस्ताव के जरिए हटा दिया था. वे देश पर बढ़ते कर्ज को काबू करने की दिशा में काम नहीं कर पा रहे थे. फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने मंगलवार (9 सितंबर) को सेबास्टियन लेकॉर्नू को देश का नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया था. वे दक्षिणपंथी राजनीति से जुड़े थे, लेकिन 2017 में राष्ट्रपति चुनाव में उन्होंने मैक्रों का साथ दिया था.



