
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों शहरवासी मच्छरों के प्रकोप से परेशान हैं. शाम होते ही मच्छर घरों में भिनभिनाने लगते हैं और मच्छरों से आम जन-जीवन त्रस्त है. नगर पंचायत में शामिल होने के बावजूद भी ग्रामीण मच्छर से परेशान है. जगह-जगह सड़कों पर उभरे गड्ढे मच्छरों के लिए अनुकूल हैं. समय समय पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और साफ सफाई नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है. हलांकि नगर पंचायत में फॉगिंग मशीन है, परंतु प्रशासन द्वारा मशीन का प्रयोग नहीं किया जा रहा है. फॉगिंग मशीन मच्छरों को मारने के बदले नगर पंचायत कार्यालय में शोभा की वस्तु बन कर रह गई है. नगर पंचायत प्रशासन द्वारा अंतिम बार फॉगिंग मशीन का प्रयोग नपं क्षेत्र में कब किया गया था, लोगों को याद तक नहीं है. बरसात होने से सड़को पर जल-जमाव हो रहा है और गड्ढे मच्छरों के पनमने के लिए प्रतीकूल है. मच्छर मारने के लिए नपं प्रशासन द्वारा फॉगिंग मशीन का प्रयोग नहीं करने पर लोगों में रोष है. मिली जानकारी के अनुसार फॉगिंग मशीन खराब है, कोरोना संक्रमण के मद्देनजर लाक डाउन के कारण मशीन की मरम्मत नहीं करायी जा सकी है.















