नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के साथ बढ़ते सैन्य संघर्ष के बीच बदलती सुरक्षा स्थितियों का जायजा लेने के लिए शीर्ष रक्षा अधिकारियों के साथ शनिवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की. अधिकारियों ने बताया कि मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, तीनों सेनाओं के प्रमुखों और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान से मुलाकात कर सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा करते हुए भविष्य की रणनीति तैयार की.(नीचे भी पढ़े)
पाकिस्तान के साथ संघर्ष बढ़ गया है तथा सशस्त्र बल भारतीय प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के पाकिस्तानी प्रयासों का उचित जवाब दे रहे हैं. भारत ने शनिवार को कहा कि पाकिस्तान की सेना अपने सैनिकों को सीमावर्ती क्षेत्रों में भेज रही है तथा दोनों देश एक-दूसरे के सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमले जारी रखे हुए हैं. भारत ने कहा है कि कोई भी आतंकी हमला अब युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा, इसको आधार बनाकर भारत कार्रवाई करेगा. पाक भारत पर तुर्की ड्रोन से हमला कर रहा है. भारत भी इसका माकूल जवाब दे रहा है.
पूरे जम्मू एवं कश्मीर में ब्लैक आउट है. पंजाब के जालंधर में भी ब्लैक आउट है, सूत्रों के अनुसार हाई अलर्ट के बीच पाकिस्तानी ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नाकाम कर दिया गया. राजौरी, सांबा, पठानकोट अमृतसर में भी ड्रोन हमला हुआ, जिसे मार गिराया गया है.(नीचे भी पढ़े)
पठानकोट एयरबेस पर पाकिस्तान के ड्रोन अटैक को नाकाम कर दिया गया है. एयरबेस को कोई नुकसान नहीं हुआ है. पाकिस्तान ने पठानकोट के साथ ही अमृतसर एयरपोर्ट के पास भी ड्रोन अटैक की कोशिश की है. एयर डिफेंस सिस्टम लगातार पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को हवा में ही ध्वस्त कर रहा है.
राजस्थान में भी पाकिस्तान ने ड्रोन से हमला करने की कोशिश की है. फलौदी में 10, उतरलाई में 2 और जैसलमेर में 4 ड्रोन भेजे हैं. जम्मू रीजन के राजौरी में पाकिस्तान ने 8 से 10 ड्रोन से फिर हमला करने की कोशिश की है. खबर है कि जम्मू एयरपोर्ट के अचानक सायरन बजने के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. आनन-फानन में दुकानें बंद होने लगी. लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे. दो आरटी शेल पुंछ में गिरने की खबर मिली है, हालांकि किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है. दूसरी ओर, भारत की सरकार ने देश भर के 32 एयरपोर्ट से हवाई उड़ान को 15 मई तक के लिए बंद कर दिया है. इसको देखते हुए इंडिगो, एयर इंडिया समेत तमाम विमानों को रद्द कर दिया गया है.(नीचे भी पढ़े)
उधमपुर, अंबाला, अमृतसर, अवंतीपुरा, भटिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा, केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली, लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नलिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट, सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस और उत्रलाइ एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है.



