नयी दिल्ली: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को लोकसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया. पीएम मोदी ने लोकसभा में दो दिनों तक चली चर्चा के दौरान विपक्षी दलों द्वारा उठाए गए तमाम मुद्दों का जवाब भी दिया. इसके साथ उन्होंने राहुल गांधी सहित विपक्षी नेताओं पर भी पलटवार किया. पीएम मोदी ने कहा, विपक्ष पहले ये तय करे कि भारत कमजोर हुआ है या मजबूत. पहले कहते हैं कि देश कमजोर हुआ है. फिर कहते हैं कि भारत दूसरे देशों पर दबाव बनाकर फैसले करवा रहा है. कुछ लोग अब भी अहंकार में जी रहे हैं. वे सोचते हैं कि मोदी को गाली देकर ही रास्ता निकलेगा. मोदी पर देशवासियों का ये भरोसा इनकी समझ के दायरे से बाहर है. ये ऐसे ही नहीं आया है. मोदी पर भरोसा अखबार और टीवी पर चेहरा दिखाकर नहीं आया है. देशवासियों के लिए, उज्ज्वल भविष्य के लिए जीवन खपा दिया है, पल-पल खपा दिया है.(नीचे भी पढ़े)
कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा, मैंने कई बार सुना है, यहां कुछ लोगों को हार्वर्ड का बड़ा क्रेज है. कोरोनाकाल में ऐसा ही कहा गया था कि भारत की बर्बादी पर हार्वर्ड में केस स्टडी होगी. और फिर कल सदन में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में स्टडी की बात हुई, लेकिन बीते वर्षों में वहां एक बहुत बढ़िया और महत्वपूर्ण स्टडी हुई. उसका विषय था- द राइज एंड डिक्लाइन ऑफ इंडियाज कांग्रेस पार्टी . मुझे विश्वास है कि भविष्य में कांग्रेस की बर्बादी पर हार्वर्ड नहीं, बड़े-बड़े विश्वविद्यालयों में अध्ययन होना ही होना है. और कांग्रेस को डुबाने वाले लोगों पर भी अध्ययन होने वाला है. मैं ऐसे लोगों के लिए दुष्यंत कुमार ने बहुत बढ़िया बात कही है. उन्होंने कहा है- तुम्हारे पांव के नीचे कोई जमीन नहीं, कमाल ये है कि फिर भी तुम्हें यकीन नहीं?’(नीचे भी पढ़े)
पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत लोकतंत्र की जननी है. लोकतंत्र हमारी रगों में है. आलोचना होनी चाहिए, लेकिन नौ साल आरोप में गंवा दिए. चुनाव हार जाएं तो ईवीएम को दोष, भ्रष्टाचार की जांच हो तो एजेंसियों को गाली. इन्हें ईडी का धन्यवाद करना चाहिए कि उसने इन लोगों को एक मंच पर ला दिया है. जो काम देश के मतदाता नहीं कर पाए वह ईडी ने कर दिया.’पीएम मोदी ने लोकसभा के अपने संबोधन में यूपीए सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, ‘जब न्यूक्लियर डील पर बात हो रही थी, तब ये नोट फॉर वोट में उलझे थे.’ पीएम मोदी ने 2जी, कोल स्कैम का भी जिक्र किया और कहा कि घोटालों के कारण दुनिया में देश बदनाम हुआ. उन्होंने कहा कि ‘2004 से 2014 के दशक में देश का बहुत नुकसान हुआ. 2030 का दशक भारत का है. इनमें आतंक पर पलटवार करने का साहस नहीं था. देश के नागरिकों का 10 साल तक खून बहा. यूपीए के वे 10 साल कश्मीर से कन्याकुमारी भारत के हर कोने में आतंकवादी हमलों का सिलसिला चलता रहा. (नीचे भी पढ़े)
हर नागरिक असुरक्षित था. 10 साल में कश्मीर से नॉर्थ ईस्ट तक हिंसा ही हिंसा फैला हुआ था. आज जब देश की क्षमता का परिचय हो रहा है, 140 करोड़ देशवासियों का सामर्थ खिलकर सामने आ रहा है, ये अवसर तो उस समय भी था. ’पीएम मोदी ने कहा, ‘भारत ने मेड इन इंडिया वैक्सीन बनाई और यही नहीं 150 देशो को जहां जरूरत थी, वहां पहुचाई जब विश्व वैश्विक महामारी से जूझ रहा था. देश बड़ी ताकत के साथ आगे बढ़ रहा हैं, पहले सर्टिफिकेट नहीं ले पाते थे आज मोबाइल पर वैक्सीन का सर्टिफिकेट मिल जाता हैं. भारत आज एक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभर रहा हैं. निराशा में डूबे हुए लोग इस देश की प्रगति से उभर नहीं पा रहे हैं.’पीएम मोदी ने कहा, ‘डिजिटल इंडिया की चारों तरफ वाहवाही हो रही थी. पूरे तरह इसे लेकर पूछ रहे थे. कोरोना काल में समृद्ध देश अपने नागिरकों को मदद करना चाहते थे. आज टेक्नॉलजी के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है.





