
लेह : एलएसी (वास्तविक निंत्रण रेखा) पर जारी तनाव के बीच शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक पहुंच गये हैं. प्रधानमंत्री के इस दौरे ने सबको चौंका दिया है. वहां पहुंच कर प्रधानमंत्री ने सेना की तैयारियों की जानकारी ली और सेना के जवानों का मनोबल बढ़ा रहे हैं. इससे पूर्व श्री मोदी सुबह-सुबह नीमू की फॉर्वर्ड पोस्ट पर पहुंचे, जहां सेना, वायु सेना व आईटीबीपी के अधिकारियों से बात की. यह पोस्ट सिंधु नदी के किनारे 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है. जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री श्री मोदी यहां गलवान घाटी में चीनी सैनिकों को खदेड़ने वाले वीस सैनिकों से भी मिलेंगे. दौरे के प्रधानमंत्री के साथ चीफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवाने भी उपस्थित हैं. गौरतलब है कि लेह के दौरे पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जाना था, लेकिन उनका दौरा रद्द हो गया. इसके बाद सीडीएस बिपिन रावत ही लेह के दौरे पर जाने वाले थे. लेकिन अचानक प्रधानमंत्री भी लेह के दौरे पर पहुंच गये.
उच्चस्तरीय बैठक दोपहर दो बजे से
दोपहर तक प्रधानमंत्री लेह से लौट आयेंगे. उसके बाद दोपहर दो बजे से चीन मामले को लेकर पीएमओ की बैठक होगी. बैठक में प्रधानमंत्री के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा सलाहकार अजित डोभाल समेत अन्य अधिकारी शामिल होंगे.






