
चाकुलिया : दो अक्टूबर को देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का 150 वां जन्म दिवस मनाएगा. वहीं, चाकुलिया नगर पंचायत के डाक बंगला परिसर में आम वृक्ष के नीचे स्थापित राष्ट्रपिता की मूर्ति का रंग रोगन नहीं हुआ है. मूर्ति को एक चश्मा भी नसीब नहीं है. मूर्ति पर छतरी भी नहीं लगाई गई है. नतीजतन मूर्ति पर पंछी मल त्याग करते हैं. यहां स्थापित राष्ट्रपिता की मूर्ति उपेक्षा का दंश झेल रही है। नगर पंचायत के विकास के नाम पर करोड़ों की राशि खर्च की गई. परंतु महात्मा गांधी की मूर्ति पर एक छतरी तक नहीं लगाई गई. छतरी नहीं होने से मूर्ति के चबूतरे पर पेड़ के पत्ते भरे पड़े हैं. पंछियों के मल से मूर्ति गंदी हो गई है. इसकी सफाई नहीं कराई गई है. मूर्ति का रंग रोगन भी नहीं कराया गया. सिर्फ आसपास के घास की सफाई की गई है। काफी दिनों से मूर्ति पर चश्मा नहीं है. नगर पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस मूर्ति की ओर नहीं है.



