जमशेदपुर : टाटा समूह से जुड़ी कम्पनियों में आज जो कुछ है, वह उसकी नैतिकता और समाज के प्रति उनकी जिम्मेवारी भरे भाव के कारण है. और यह सब तभी संभव हुआ जब इस समूह के संचालक ऐसे लोग हुए, जिन्होंने उद्योग के साथ-साथ जन कल्याण की भी बात की और बात की उस समुदाय की जो कम्पनी के आसपास रहते हैं. समूह के ऐसे संचालकों में एक नाम भारत रत्न जे आर डी टाटा का है. उक्त विचार शनिवार को जेआरडी टाटा की 119वीं जयंती पर जेमीपोल के संयोजन में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते हुए कंपनी के प्रबंध निदेशक पीएस रेड्डी ने व्यक्त किये. उन्होंने स्थानीय रेड क्रॉस भवन में कम्पनी के मुख्य वित्त पदाधिकारी टी रघु वर्मा, रेड क्रॉस सोसाइटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, समाजसेवी पूर्वी घोष एवं अन्य के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया.

शिविर में उपस्थित युवाओं को सम्बोधित करते हुए श्री रेड्डी ने कहा कि युवा समाज की रीढ़ हैं और रक्तदान जैसे महत्वपूर्ण दान में उनकी सबसे बड़ी भूमिका है. उन्होंने रक्तदाताओं को सम्मानित भी किया. कार्यक्रम में रेड क्रॉस के साथ टाटा कन्सल्टेन्सी सर्विसेस के युवा इंजीनियर, टाटा स्ट्राइव से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षुओं सहित अन्य ने भाग लिया. शिविर में कुल 104 यूनिट रक्त संग्रह हुआ. सभी रक्तदाताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.




